CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में ग्रामीण सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत पामगढ़-लाहौद मार्ग से डोंगाकोहरौद बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 605.09 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत परियोजना के तहत 4.337 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह मार्ग लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की प्रमुख मांग रहा है। सड़क बनने के बाद डोंगाकोहरौद बस्ती सहित आसपास के ग्रामीणों को पूरे वर्ष सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
नई सड़क के निर्माण से ग्रामीणों की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि उपज के परिवहन और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। इससे क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसी दिशा में प्रदेशभर में संपर्क मार्गों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है।


