नई दिल्ली। वाहन कंपनी हीरो मोटोकॉर्प के सीएमडी एवं चेयरमैन पवन मुंजाल की मुसीबतें और बढ़ गई हैं. ईडी ने दिल्ली में उनकी 3 अचल संपत्ति जब्त की है, जिनकी वैल्यू करीब 25 करोड़ रुपये है. ईडी की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले की चल रही जांच से जुड़ी बताई जा रही है.
अब तक इतनी प्रॉपर्टी हुई जब्त
हीरा मोटोकॉर्प के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक पवन कांत मुंजाल के खिलाफ ईडी पहले से मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले की जांच कर रही है. ईडी ने बताया कि प्रॉपर्टी को अटैच करने की ताजी कार्रवाई उसी जांच का हिस्सा है. ताजी कार्रवाई में ईडी ने दिल्ली स्थित तीन प्रॉपर्टी को जब्त किया है, जिनकी सम्मिलित वैल्यू 24.95 करोड़ रुपये है. इससे पहले भी पवन मुंजाल की कुछ प्रॉपर्टी जब्त की जा चुकी है. अब तक उनकी कुल 50 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी जब्त हो चुकी है.
अवैध तरीके से विदेशी मुद्रा ले जाने का आरोप
जांच एजेंसी ने बताया कि उसने डाइरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस के द्वारा की गई शिकायत के आधार पर जांच शुरू की है. डीआरआई ने मुंजाल व अन्य के खिलाफ कस्टम एक्ट के सेक्शन 135 के तहत शिकायत कराई है, जो अवैध तरीके से विदेशी मुद्रा को भारत से बाहर ले जाने से जुड़ी हुई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुंजाल व अन्य लोग अवैध तरीके से 54 करोड़ रुपये के बराबर की विदेशी मुद्रा देश से बाहर ले गए थे.

