रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार 5 जून को दोपहर 2:30 बजे न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन रायपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले पंजीकृत श्रमिक परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे।
कार्यक्रम में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
मेधावी छात्रों को मिलेंगे 2 लाख रुपये
योजना के तहत चयनित प्रत्येक मेधावी छात्र-छात्रा को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा उच्च शिक्षा और आवागमन की सुविधा के लिए दोपहिया वाहन खरीदने हेतु 1 लाख रुपये का विशेष अनुदान भी दिया जाएगा।
इस प्रकार प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को कुल 2 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया जाएगा।
योजना का उद्देश्य
राज्य सरकार की इस योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना और उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
पात्रता और जरूरी शर्तें
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अनुसार योजना का लाभ लेने के लिए कुछ आवश्यक शर्तें निर्धारित की गई हैं—
- हितग्राही श्रमिक का श्रम कल्याण मंडल में कम से कम 90 दिन पहले से पंजीकृत होना जरूरी है।
- यह लाभ पंजीकृत निर्माण श्रमिक के केवल प्रथम दो बच्चों को ही मिलेगा।
- एक शैक्षणिक वर्ष में इस योजना का लाभ केवल एक बार लिया जा सकेगा।
- छात्र-छात्रा का बोर्ड परीक्षा में टॉप-10 में स्थान होना अनिवार्य है।
शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि यह योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

