महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के पिथौरा वन क्षेत्र से वन्यजीव क्रूरता का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भालुडोंगरी इलाके में ग्रामीणों ने एक मादा नीलगाय का बेरहमी से शिकार कर दिया। घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, दो ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गए थे। इसी दौरान उन्होंने कुत्तों से घिरी और थकी हुई मादा नीलगाय को देखा। आरोप है कि ग्रामीणों ने कुल्हाड़ी से हमला कर नीलगाय की हत्या कर दी।
इतना ही नहीं, आरोपी मृत नीलगाय को खेत में ले गए और उसका मांस पकाने की तैयारी करने लगे। लेकिन उनकी यह करतूत ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार आरोपी फरार हो गए। पूछताछ के आधार पर एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
वन विभाग के अनुसार, मृत नीलगाय करीब 4 साल की मादा थी। विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

