रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी के बीच आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन तेजी से काम कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड अंतर्गत ग्राम सपघरा के सुखबासुपारा में नलकूप खनन कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी। परेशान ग्रामीणों ने सीएम कैंप कार्यालय बगिया में आवेदन देकर पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की थी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और नलकूप खनन कार्य शुरू कराया। अब नलकूप शुरू होने के बाद गांव के लोगों को बड़ी राहत मिल गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले उन्हें पानी के लिए दूर-दराज के इलाकों में जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही पानी उपलब्ध होने से परेशानी खत्म हो गई है। गांव में नलकूप चालू होने के बाद खुशी का माहौल देखा गया।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि भीषण गर्मी के समय यह पहल किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है।

