एक नशेड़ी युवक ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और उसका शव जलाने की कोशिश की. इतने में पहुंचे उसके ससुर ने रोका तो आरोपी ने उन्हें भी पत्थर से कुचल कर मार डाला. इसके बाद आरोपी ने खुद को भी तमंचे से गोली मार लिया है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक राठ कोतवाली कस्बे के लीलावती मोहल्ले में रहने वाले ओम प्रकाश ने शनिवार की देर रात अपनी पत्नी और ससुर को मौत के घाट उतार दिया. वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली है. इस वारदात में तीनों की मौत हो गई है. पुलिस के मुताबिक वह अपने तीनों बच्चों को भी मारना चाह रहा था. चूंकि इस घटना को देखकर बुरी तरह से डर चुके बच्चे उससे चिपटकर रोने लगे तो उसका दिल पसीज गया. इसलिए उसने बच्चों को छोड़कर खुद को गोली मार ली.फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस के मुताबिक ओम प्रकाश शनिवार की देर शाम घर आया था, उसका ससुर नंदकिशोर भी अपनी बेटी के घर पर था. रात को खाने के बाद जब सब लोग सो गये तो ओम प्रकाश ने पहले अपनी पत्नी की गला दबाकर कर हत्या कर दी. इसके बाद उसकी चारपाई में आग लगाकर जलाने लगा. इसी बीच ससुर की आंख खुल गयी और उसने ओम प्रकाश को रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने उनकी भी हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी ने तमंचे से खुद को गोली मारी है.

