जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में निर्वाचन आयोग ने मतगणना से जुड़ी सारी तैयारी लगभग पूरी कर ली हैं। इस बार पहली बार महिलाकर्मियों को मतगणना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिले की तीनों विधानसभाओं बस्तर, जगदलपुर और चित्रकोट की गणना 16 से 18 राउंड में की जाएगी। इस दौरान 14 टेबल लगाए जाएंगे और प्रत्येक टेबल पर भाजपा- कांग्रेस के 14-14 एजेंट मौजूद रहेंगे।
बता दे कि बस्तर के 12 विधानसभा सीटों सहित प्रदेश के सभी सीटों पर 3 दिसंबर को मतगणना होगी. बस्तर जिले के तीन विधानसभा की मतगणना एक ही जगह पर की जाएगी. इसके लिए अलग-अलग 3 कमरे निर्धारित किए गए हैं और प्रत्येक कमरे में 14-14 टेबल की व्यवस्था की गई है. मतगणना का कार्य 16 से 18 राउंड में पूरा किया जाएगा. जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए मतगणना 18 राउंड में पूरी की जाएगी, जबकि चित्रकोट में 17 राउंड में गणना पूरी होगी. वहीं बस्तर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 16 राउंड में पूरी की जाएगी.
मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण पूरा
इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी विजय दयाराम ने बताया कि 3 दिसंबर को शहर के मॉडल कॉलेज में होने वाले मतगणना के लिए सभी महिला कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है. जिला कलेक्ट्रेट के प्रेरणा हाल में मतगणना कर्मियों को 2 घंटे तक प्रशिक्षण दिया गया है. प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा मतदान केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था, गणना हाल में अनुशासन और शिष्टाचार, सामग्री प्रबंधन, प्रमुख वैधानिक प्रावधान-लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धाराओं की जानकारी दी गई है. साथ ही खारिज मतों की गिनती की जानकारी भी दी गई है.

