कोरबा। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए बांगो डैम गए एक ही परिवार के 6 लोग फंस गए। बताया जा रहा है कि डेम के दो गेट खोलने के बाद यह घटना घटी. जलस्तर बढ़ने से परिवार पानी के बीच फंस गया, और टापू के ऊपर चढ़कर परिवार के लोगों ने अपनी जान बचाई.
जानकारी के मुताबिक बांकी मोंगरा निवासी रंजन वर्मा का 6 सदस्यीय परिवार कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए बांगो डैम गए हुए थे। नहाते वक्त डैम में इतना पानी नहीं था. लेकिन कुछ देर बाद डेम के दो गेट खोल दिए गए. जिससे जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा. डैम के गेट खोलने से पहले सायरन बजाया गया था, लेकिन परिवार के लोग आवाज नहीं सुन पाए. घटना की सूचना जैसे ही डेम प्रबंधन को मिली, उसके बाद डेम दो गेट बंद किया गया. वहीं घटना की सूचना पर पहुंची 112 और स्थानीय लोगों की मदद से परिवार को घंटों मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया. डेम में फंसे परिवार ने बाहर आने के बाद राहत की सांस ली.

