महाकुंभ मेले में वायरल हुई गर्ल मोनालिसा को फिल्म का ऑफर देने वाले डायरेक्टर सनोज मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सनोज मिश्रा पर आरोप है कि उन्होंने एक लड़की के साथ कई बार दुष्कर्म किया। यह घटना दिल्ली हाई कोर्ट से बेल खारिज होने के बाद सामने आई। दिल्ली के नबी करीम थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है।
सनोज मिश्रा पर लगे आरोप
सनोज मिश्रा पर आरोप है कि उन्होंने एक छोटे कस्बे से आई और हीरोइन बनने की चाहत रखने वाली लड़की को नशीला पदार्थ खिलाकर कई बार रेप किया। पीड़िता का कहना है कि 2020 में उसकी मुलाकात सनोज मिश्रा से हुई थी। उस समय वह झांसी में रहती थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स टिकटॉक और इंस्टाग्राम के जरिए दोनों के बीच बातचीत हुई थी।
17 जून 2021 को डायरेक्टर ने पीड़िता को फोन किया और उसे झांसी रेलवे स्टेशन बुलाया। हालांकि, पीड़िता ने सामाजिक दबाव का हवाला देकर मिलने से इनकार किया। इसके बाद आरोपी ने उसे आत्महत्या की धमकी दी। डर के मारे पीड़िता मिलने गई। 18 जून 2021 को आरोपी ने फिर से उसे फोन किया और आत्महत्या की धमकी देकर रेलवे स्टेशन बुलाया।
डायरेक्टर ने बनाए पीड़िता के वीडियो
आरोप है कि इसके बाद सनोज मिश्रा ने पीड़िता को एक रिसॉर्ट में ले जाकर नशीला पदार्थ दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाकर उसे धमकाया।
सनोज मिश्रा ने कहा कि अगर लड़की ने विरोध किया तो वह इन तस्वीरों और वीडियो को सार्वजनिक कर देगा। इसके बाद आरोप है कि सनोज ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और फिल्म में काम दिलाने का लालच दिया।
इसके पहले, सनोज मिश्रा ने मोनालिसा को अपनी फिल्म ‘दि डायरी ऑफ 2025 में लेने का ऐलान किया था। साथ ही, सनोज ने मोनालिसा को एक्टिंग की ट्रेनिंग देना शुरू कर दिया था।


