बलौदाबाजार। बलौदाबाजार के ग्राम सुहेला में किसान से मारपीट के मामले में एसपी ने 2 आरक्षक निलंबित किया है। पुलिस आरक्षकों पर मुख्य आरोपी को भगाने और उसे संरक्षण देने का आरोप लगा था। जिस पर एक्शन लेते हुए SSP विजय अग्रवाल ने दोनों आरक्षक को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा मारपीट की इस घटना में शामिल एक और आरोपी विजय साहू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं इस वारदात में शामिल 4 आरोपी अब भी फरार है।
राइस मिल संचालक रौनक अग्रवाल और उसके साथियों ने एक किसान को बंधक बनाकर उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की थी। इस घटना का वीडियों वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया था। वायरल वीडियों में राइस मिल संचालक रौनक अग्रवाल किसान की पिटाई करते हुए ये भी कह रहा था कि उसके मामले में पुलिस और कलेक्टर भी कुछ नही कर सकता। मारपीट की इस घटना का वीडियों सामने आने के बाद बलौदाबाजार SSPविजय अग्रवाल ने तत्काल इस मामले को संज्ञान में लेकर जांच का आदेश दिया गया।
जांच में पता चला कि घटना की रात आरोपी रौनक अग्रवाल ने थाना हथबंद में पदस्थ आरक्षक प्रवीण शर्मा को मोबाइल पर काॅल कर मारपीट की जानकारी दी थी। इस जानकारी के बाद रात के वक्त गश्त के दौरान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक राजकुमार ठाकुर और आरक्षक प्रवीण शर्मा मौके पर पहुंचे थे।
लेकिन दोनों पुलिस कर्मियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाये उन्हे मौके से भागने का मौका दिया गया। इस खुलासे के बाद SSP विजय अग्रवाल ने प्रधान आरक्षक राजकुमार ठाकुर और आरक्षक प्रवीण शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।वहीं दूसरी तरफ जिला प्रशासन ने इस घटना के बाद शनिवार को आरोपी राइस मिल संचालक रौनक अग्रवाल के एकता एग्रो राइस मिल की आड़ में अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चला दिया।
मौके पर तहसीलदार की टीम मौजूद रही। आपको बता दे ये पूरा मामला गांव की सरकारी जमीन पर कब्जा करने को लेकर हुआ था। ग्रामीण द्वारा राइस मिल संचालक रौनक अग्रवाल के शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर भवन निर्माण का विरोध किया जा रहा था। जिसे लेकर राइस मिल के संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्रामीण की पिटाई कर दी थी।
आरोपियों ने किसान को लात-घूंसे, चप्पल और डंडों से करीब एक घंटे तक अधमरा होने तक पीटा गया और जब वह बेहोश हुआ तो उसे मरा समझकर छोड़ दिया गया। परिजनों ने घायल किसान को मिशन अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां चार दिनों तक उसका इलाज चला। होश में आने के बाद किसान ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है, जिस पर एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ लगातार गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।

