उत्तर प्रदेश। हमीरपुर जिले में एक शादी समारोह के दौरान दोस्तों की ओर से दिया गया नीला ड्रम गिफ्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। यह घटना नगर के दादा गार्डन में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान हुई, जहां जयमाला स्टेज पर दोस्तों ने यह अनोखा तोहफा दूल्हा-दुल्हन को दिया।
जानकारी के मुताबिक, मंगरौल गांव निवासी शैलेन्द्र राजपूत और रिहुंटा गांव निवासी सीमा राजपूत की लव मैरिज हुई, जिसे परिजनों की सहमति के बाद बुधवार को धूमधाम से संपन्न कराया गया। शादी समारोह कस्बे के दादा गार्डन में आयोजित हुआ था। जयमाला कार्यक्रम के बाद, स्टेज पर जैसे ही दोस्तों ने दूल्हा-दुल्हन को नीला ड्रम भेंट किया, वहां मौजूद लोग हंसी रोक नहीं पाए। यह अनोखा गिफ्ट देख दूल्हा-दुल्हन भी हैरान रह गए और मुस्कुराने लगे।
इस मजेदार पल का वीडियो वहां मौजूद बारातियों ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो पर अपनी अलग अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे है। शादी में दूल्हा-दुल्हन के दोस्तों ने मजाक के तौर पर यह अनोखा नीला ड्रम गिफ्ट दिया। दूल्हा-दुल्हन हैरान जरूर हुए लेकिन मुस्कुराते हुए इस मजाक को खुशी से स्वीकार किया। यह घटना उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले की है और शादी समारोह बुधवार को संपन्न हुआ।

