रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस ने रविवार को रायगढ़ जिले में भारतीय नागरिकता प्राप्त किए बिना फर्जी मतदाता पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार करने के आरोप में एक महिला सहित दो पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि इफ्तिखार शेख (29) और एक महिला अर्मिश शेख (25) को जूटमिल क्षेत्र के कोडातराई गांव में एक किराए के घर से गिरफ्तार किया गया है। दोनों पाकिस्तान के कराची के लांधी शहर के रहने वाले हैं।
पुलिस ने यहां अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ अभियान के दौरान गांव में याकूब शेख के घर पर छापा मारा। तब पता चला कि शेख के किराएदार इफ्तिखार और अर्मिश पाकिस्तानी नागरिक हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों के पास पाकिस्तानी पासपोर्ट और वैध लॉन्ग टर्म वीजा (एलटीवी), वोटर आईडी कार्ड, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि मिले। वहीं दोनों ने भारतीय चुनाव आयोग के फॉर्म 6 में गलत जानकारी देकर फर्जी वोटर आईडी कार्ड बनवा लिए थे।
दोनों को आईपीसी की धारा 199, 200, 419, 467, 468 और 34 के तहत गिरफ्तार किया और अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया है।

