मुंबई। सरकारी कॉलेजों में प्रोफेसर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर निकलकर सामने आई है। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सरकारी कॉलेजों और गैर सरकारी कॉलेजों में रिक्त पदों पर भर्ती का बड़ा ऐलान किया है।
2025 दरसअल, सोमवार को विधानसभा भवन में उच्च और तकनीकी शिक्षा से जुड़े मसलों पर अहम समीक्षा बैठक हुई। जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही सीएम फडणवीस ने कहा कि राज्य के सरकारी विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त कॉलेजों में जो भी रिक्त पद हैं, उन्हें जल्द से जल्द भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के गैर-कृषि सार्वजनिक विश्वविद्यालयों और गैर-सरकारी कॉलेजों में शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने से नई शिक्षा नीति के कार्यान्वयन के अनुरूप उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा निदेशालय के तहत गैर-सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में 5012 रिक्त सहायक प्रोफेसर पदों पर भर्ती करने की भी सहमति दी। वीजेटीआई और गुरुगोविंद सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज, नांदेड़ सहित राज्य के अन्य सरकारी सहायता प्राप्त संस्थानों में 100 प्रतिशत पदों पर भर्ती करने की भी मंजूरी दी गई है।

