फ़िल्मी दुनिया। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी संस्कृति और उनसे जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आधारित एक फिल्म की घोषणा आज की गई है, यह घोषणा ले शुरू हो गे मया के कहानी, टीना टप्पर और हंडा जैसी फिल्मों के अभिनेता और जाने-माने युटुबर अमलेश नागेश ने की है। कुछ दिनों पहले उन्होंने फिल्म लाइन से संन्यास लेने की भी घोषणा की थी।
खैर अभी बात प्रोडक्शन हाउस और उस फिल्म की जिसकी घोषणा की गई है, अमलेश नागेश की प्रोडक्शन कंपनी कोया फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनाई जाने वाली फिल्म का टाइटल उन्होंने रखा है दंडाकोटुम इसका मतलब होता है जंगल का परिवार।
विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर फिल्म के टाइटल की घोषणा करते हुए फिल्म को लेकर अमलेश नागेश ने हल्की-फुल्की जानकारी भी दी, उन्होंने बताया कि यह फिल्म पलायन पर आधारित है, उन्होंने कहा कि आदिवासियों के पास उनके पुरखों की जमीन होने के बावजूद उन्हें अपने परिवार को पालने के लिए पलायन करना पड़ता है इसी मुद्दे को लेकर हमने फिल्म बनाने की ठानी है।
फिल्म का पोस्टर भी सामने आया जिसमें अमलेश नागेश के साथ लावण्या दास मानिकपुरी और उनके बेटे भी नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया में अमलेश नागेश द्वारा इस घोषणा के बाद से जितनी हलचल मची है उससे कहीं ज्यादा हलचल छत्तीसगढ़ी सिनेमा इंडस्ट्री में भी मच गई है क्योंकि अमलेश नागेश की फैन फॉलोइंग और उनकी हिट फिल्मों ने जो कमाल किया है वह किसी से छुपा नहीं है। प्रोडक्शन हाउस और फिल्म की घोषणा करने के बाद से अमलेश नागेश को बधाई देने वालों का तांता लग गया है।

