दरभंगा। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार और भाजपा पर वोट चोरी कर सत्ता में आने का आरोप लगाया है। वहीं, अब राहुल गांधी अपनी बात जनता तक पहुंचाने के लिए ”वोट अधिकार यात्रा” कर रहे हैं। इन दिनों वोट अधिकार यात्रा बिहार में चल रही है। लेकिन बिहार में वोट अधिकार यात्रा के दौरान पीए मोदी को गाली देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पीएम मोदी को गाली देते हुए सुना जा सकता है। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी को यूथ कांग्रेस से जुड़े मोहम्मद नौशाद ने मंच से गाली दी है। बताया जा रहा है कि गाली देने वाला मोहम्मद नौशाद इस बार विधानसभा चुनाव में टिकट का प्रबल दावेदार है।
वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। भाजपा के अधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से इस वीडियो का जिक्र करते हुए लिखा गया है कि ”राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की यात्रा के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की स्वर्गीय माताजी के लिए बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। राजनीति में ऐसी नीचता पहले कभी नहीं देखी गई। यह यात्रा अपमान, घृणा और स्तरहीनता की सारी हदें पार कर चुकी है। तेजस्वी और राहुल ने पहले बिहार के लोगों का अपमान करने वाले स्टालिन और रेवंत रेड्डी जैसे नेताओं को अपनी यात्रा में बुलाकर बिहारवासियों को अपमानित कराया। अब उनकी हताशा की स्थिति यह है कि वे प्रधानमंत्री मोदी की पूज्य स्वर्गीय माताजी को गाली दिलवा रहे हैं। तेजस्वी और राहुल ने अपने मंच से इतनी गंदी भाषा का प्रयोग कराया है कि उसे सार्वजनिक मंच पर दोहराना भी संभव नहीं। यह ऐसी गलती है कि राहुल और तेजस्वी अगर हज़ार बार कान पकड़कर उठक-बैठक करके भी माफ़ी मांगें, तब भी बिहार की जनता उन्हें माफ़ नहीं करेगी।
वोटर अधिकार यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने के वीडियो पर भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, “राहुल गांधी जी आप मंच पर खड़े होकर जिस तरह की भाषा और मां बहन की गाली माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी जी के लिए उपयोग कर रहे हैं और करवा रहे हैं, बिल्कुल ही बर्दाश्त के काबिल नहीं है। आपको देश से इसके लिए माफी मांगनी चाहिए और बिहार की जनता कभी इसके लिए आपको माफ नहीं करेगी। मोदी जी का सम्मान पूरा देश और दुनिया करता है, एक गरीब का बच्चा एक ओबीसी का बेटा प्राइम मिनिस्टर बना है तो आपको बर्दाश्त नहीं हो रहा है इसी तरह से जलकर आप समाप्त हो जाएंगे।”
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि गाली देने वालों पर कार्रवाई होगी। तेजस्वी और राहुल को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गाली गलौज के जरिए कांग्रेस और आरजेडी बिहार में माहौल बिगाड़ना चाहती हैं। बिहार सरकार के भूमि सुधार और राजस्व विभाग के मंत्री संजय सरावगी ने गालीबाज कांग्रेस नेताओं के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज करने की मांग की है।

