गोंदिया। पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता महादेवराव सुकाजी शिवणकर का सोमवार को महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। परिवार के सदस्यों ने यह जानकारी दी। विजय शिवणकर ने बताया कि उनके पिता शिवणकर (85) ने तड़के आमगांव स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
महादेवराव शिवणकर आमगांव निर्वाचन क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे और उन्होंने लोकसभा में चिमूर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। वरिष्ठ नेता ने भाजपा के किसान प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया था। शिवणकर ने 26 जनवरी, 1999 को भंडारा जिले के विभाजन और नये गोंडिया जिले के गठन की घोषणा की थी।
उन्होंने 1990 के दशक में महाराष्ट्र में मनोहर जोशी नीत सरकार में राज्य के सिंचाई और वित्त मंत्री के रूप में कार्य किया था। शिवणकर के परिवार में उनके दो बेटे– विजय शिवणकर और संजय शिवणकर और एक बेटी शामिल हैं। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को आमगांव के सखरीतला घाट पर किया जाएगा। शव यात्रा शिवणकर के निवास से सुबह 10 बजे शुरू होगी।

