रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में युथ कांग्रेस के एक पदाधिकारी की दबंगई सड़क पर भारी पड़ गई। देर रात कार से उत्पात मचाते हुए कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद गुस्साए लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, युथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव राहुल ठाकुर अपने कुछ साथियों के साथ कार में सवार होकर बैजनाथपारा इलाके में देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इस दौरान उसने सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहली बार हादसा करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा उसी इलाके में लौट आया और फिर से हंगामा करने लगा। इस पर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कार सवार को पकड़ लिया।
गुस्साए लोगों ने आरोपी की मौके पर ही जमकर धुनाई कर दी और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली थाना ले गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से किसी की जान भी जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो, क्षतिग्रस्त वाहनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषी पाए जाने पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

