रायपुर। छत्तीसगढ़ में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया आज अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद अब किसी भी प्रकार के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। मतदाता आज रात 11 बजकर 59 मिनट तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं। इसके पश्चात प्रारंभिक मतदाता सूची तैयार कर उसे सार्वजनिक किया जाएगा।
लाखों नाम हटने की संभावना
चुनाव आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्यभर में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकते हैं। इसमें ऐसे लोग शामिल हैं जिनका निधन हो चुका है, जो स्थायी रूप से दूसरे राज्यों में स्थानांतरित हो गए हैं या फिर सत्यापन के दौरान अपने पते पर उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके अलावा लगभग 1200 मतदाताओं ने आवश्यक दस्तावेज देने से इनकार कर दिया है, जिससे उनके नाम हटने की संभावना और बढ़ गई है। अनुमान है कि अंतिम सूची में 27 लाख से अधिक नाम बाहर हो सकते हैं। आयोग एक-दो दिनों में प्रारंभिक आंकड़े जारी करेगा।
दस्तावेज न देने वालों पर कड़ी कार्रवाई
अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद बूथ लेवल अधिकारी (BLO/BAO) द्वारा जमा किए गए फॉर्म की गहन जांच की जाएगी। जानकारी के मुताबिक करीब 6 लाख ऐसे मतदाता भी हैं जिन्होंने आवेदन तो किया है, लेकिन वर्ष 2003 की एसआईआर सूची में उनका या उनके परिवार का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। ऐसे मतदाताओं को संदेहास्पद श्रेणी में रखा गया है और उन्हें नोटिस भेजे जाएंगे। तय समय पर दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर इनके नाम भी मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं। ऐसे में कुल मिलाकर लगभग 33 लाख नाम कटने की आशंका जताई जा रही है।
22 जनवरी तक मिलेगी दावा-आपत्ति की सुविधा
बताया गया है कि 23 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके बाद मतदाता अपने नाम, पता और अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे। यदि किसी का नाम सूची में नहीं मिलता है या जानकारी में त्रुटि पाई जाती है, तो वह 22 जनवरी तक दावा या आपत्ति दर्ज करा सकता है। इस अवधि के दौरान चुनाव आयोग द्वारा सुधार का पूरा अवसर दिया जाएगा।
मतदाताओं को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आवश्यक दस्तावेज जमा करें और 23 दिसंबर को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची को जरूर जांचें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।

