जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शासकीय जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। कार्रवाई नहीं होने से नाराज जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने शुक्रवार को सन्ना थाना क्षेत्र में धरना शुरू कर दिया। विधायक सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचीं और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
मामला सन्ना पेट्रोल पंप के पास स्थित एक बेशकीमती शासकीय भूमि से जुड़ा है। आरोप है कि इस जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह विवाद पिछले करीब तीन महीनों से चल रहा है।
जानकारी के अनुसार बगीचा अनुविभाग के एसडीओ ने अनावेदक अशोक गुप्ता को निर्माण कार्य रोकने का आदेश जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद काम जारी रहने का आरोप है। प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने पर विधायक ने धरना शुरू किया।
धरना स्थल पर विधायक रायमुनी भगत ने प्रशासन पर भू-माफियाओं के खिलाफ नरमी बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक अवैध कब्जे पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, वे धरने से नहीं हटेंगी।
वहीं, अनावेदक अशोक गुप्ता ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि संबंधित भूमि उनकी निजी है और वे अपनी जमीन नहीं छोड़ेंगे।
धरने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रहा है।

