रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक और नई तहसील का गठन किया जाएगा। विष्णुदेव साय सरकार नवा रायपुर अटल नगर को तहसील का दर्जा देने जा रही है। इसके लिए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।
19 दिसंबर 2025 को विभाग द्वारा नई तहसील के गठन को लेकर अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना के अनुसार रायपुर, मंदिर हसौद, गोबरा नवापारा और अभनपुर तहसील की सीमाओं में बदलाव कर नई तहसील नवा रायपुर अटल नगर बनाई जाएगी।
नई तहसील के गठन को लेकर 60 दिनों के भीतर आपत्ति और सुझाव मांगे गए हैं। आपत्ति और सुझाव सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में दिए जा सकेंगे।
नई तहसील में 6 राजस्व निरीक्षक मंडल, 20 पटवारी हल्का और 39 गांव शामिल होंगे। इनमें पलौद, मंदिर हसौद, केंद्री, तोरला, सेरीखेड़ी और रायपुर-18, कांदुल क्षेत्र के गांव शामिल हैं।
नई तहसील की सीमा उत्तर में मंदिर हसौद, दक्षिण में अभनपुर, पूर्व में गोबरा नवापारा और पश्चिम में रायपुर तहसील से लगेगी।

