रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा की नींव दशकों पहले रखी गई थी। संघर्ष, सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत ने धीरे-धीरे अपनी अलग पहचान बनाई और आज ‘छॉलीवुड’ के नाम से देशभर में पहचाना जाने लगा है। समृद्धि की ओर कदम बढ़ाते हुए अब छत्तीसगढ़ी सिनेमा एक बार फिर अपने स्वर्णिम भविष्य की ओर अग्रसर होने को तैयार है।
छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर छत्तीसगढ़ी सिनेमा के इस ऐतिहासिक सफर को नई दिशा देने के उद्देश्य से भव्य आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम एवं संस्कृति परिषद के संयुक्त तत्वावधान में यह विशेष कार्यक्रम 21 दिसंबर को सुबह 10 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। इस गरिमामयी आयोजन में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, धरसींवा विधायक श्री अनुज शर्मा, रायपुर पश्चिम विधायक श्री सुनील सोनी, रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा सहित छत्तीसगढ़ी सिनेमा से जुड़े अनेक कलाकार, निर्माता, निर्देशक एवं तकनीशियन शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन ने छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत से जुड़े सभी कलाकारों, तकनीकी विशेषज्ञों एवं सिनेमा प्रेमियों को इस आयोजन में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया है। यह आयोजन केवल कलाकारों की प्रतिभा को सम्मान देने और रंगारंग प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ी सिनेमा के रूपहले पर्दे को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
यह अवसर उन कहानियों को पर्दे पर उतारने का है, जिनकी गूंज अत्याधुनिक डॉल्बी सिस्टम के साथ देशभर के सिनेमाघरों तक पहुंचे और छत्तीसगढ़ी सिनेमा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में मील का पत्थर बने।


