रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के फुंडहर खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए 186 करोड़ 98 लाख रुपए लागत के 23 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 185 करोड़ 49 लाख रुपए के 17 कार्यों का भूमिपूजन तथा एक करोड़ 49 लाख रुपए के छह कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने एक करोड़ रुपए की लागत से तेलीबांधा चौक पर निर्मित सिंदूर पथ, 49 लाख रुपए की लागत से अटल एक्सप्रेस-वे में फुंडहर चौक पर विकसित अटल परिसर, कोर्ट परिसर के पास स्थापित वनभैंसा प्रतिमा के साथ ही आईएसबीटी, मोवा ब्रिज और विधानसभा ब्रिज के नीचे बनाए गए बॉक्स क्रिकेट पिच का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने पंडरी बस स्टैंड के पीछे 14 करोड़ 71 लाख रुपए तथा नरैया तालाब के पास 14 करोड़ 66 लाख रुपए की लागत से बनने वाले कामकाजी महिला छात्रावास का भूमिपूजन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत तेलीबांधा चौक के पास 39 करोड़ 31 लाख रुपए के टेक्नीकल टॉवर और खम्हारडीह में 20 करोड़ 93 लाख रुपए की लागत से 2500 किलोलीटर क्षमता के नवीन जलागार का भी भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने दलदल सिवनी अम्युजमेंट पार्क के पास 11 करोड़ 42 लाख रुपए के नालंदा परिसर, पचपेड़ी नाका से सीएसईबी चौक तक 13 करोड़ 39 लाख रुपए के गौरवपथ निर्माण, 11 करोड़ 17 लाख रुपए के पीएम ई-बस डिपो तथा दो करोड़ 79 लाख रुपए की लागत से पीएम ई-बस डिपो के लिए इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन का भूमिपूजन किया।
इसके साथ ही लाभांडी और फुंडहर क्षेत्र में 35 करोड़ 73 लाख रुपए की राइजिंग एवं डिस्ट्रीब्युशन पाइपलाइन, विधायक कॉलोनी से अविनाश वन होते हुए एनएच-53 तक एक करोड़ 94 लाख रुपए के नाला पुनर्निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत तीन करोड़ 23 लाख रुपए के सीसी रोड एवं नाली निर्माण तथा श्रीराम मंदिर के पास एक करोड़ 98 लाख रुपए की आरसीसी कवर्ड नाली निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने रायपुर-ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में तीन करोड़ रुपए, रायपुर-उत्तर विधानसभा क्षेत्र में तीन करोड़ रुपए तथा रायपुर-दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में दो करोड़ 99 लाख रुपए की लागत से सड़क सुदृढ़ीकरण, बीटी रिनिवल, ड्रेनेज और अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न स्थानों में दो करोड़ 52 लाख रुपए से सड़क मरम्मत एवं बीटी टॉपिंग तथा दो करोड़ 71 लाख रुपए से बीटी टॉपिंग एवं पैच रिपेयर कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत पांच हितग्राहियों श्रीमती कांती ढीढ़ी, अजय शर्मा, योगेश साहू, पवन साहू और काशीराम वर्मा को भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र प्रदान किए। साथ ही पीएम स्वनिधि योजना के तहत पांच हितग्राहियों श्रीमती उमा जोशी, श्रीमती फूलबाई गिरी, श्रीमती निशा द्विवेदी, श्रीमती रामप्यारी और श्रीमती भगवती यादव को 50-50 हजार रुपए के चेक वितरित किए।

