कोरबा। कोरबा शहर के बीचों-बीच स्थित एसएस प्लाजा कॉम्प्लेक्स में आज सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने कॉम्प्लेक्स की दुकानों से धुआं उठता देखा। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई।
दमकल की गाड़ियां जब तक मौके पर पहुंचतीं, तब तक आग कई दुकानों में फैल चुकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सबसे पहले कॉम्प्लेक्स में संचालित पद्मिनी ज्वैलर्स और बालाजी स्टील की दुकानों में आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें कॉम्प्लेक्स की पहली मंजिल तक पहुंच गईं।
आग की सूचना मिलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। घटना स्थल पर अब तक 10 से अधिक दमकल की गाड़ियां पहुंच चुकी हैं और पिछले चार घंटे से लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। आग की चपेट में आने से कई अन्य दुकानों को भी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी, नगर निगम आयुक्त और महापौर संजू देवी राजपूत मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है।
फिलहाल आग बुझाने का कार्य जारी है। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

