रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जशपुर आगमन पर आगडीह हवाई पट्टी में उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपति के स्वागत में सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए कहा कि मधेश्वर महादेव की पावन भूमि, गौरवशाली संस्कृति और अनुपम प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध जशपुर की धरती पर राष्ट्रपति का आगमन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन दिनों झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। सोमवार को एनआईटी जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह से लौटते समय एक भावुक और यादगार दृश्य सामने आया। आकाशवाणी चौक के पास सड़क किनारे खड़े बच्चे राष्ट्रपति की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए।
बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखकर राष्ट्रपति ने मानवीय संवेदना को प्राथमिकता देते हुए अपना काफिला रुकवा दिया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत आमतौर पर राष्ट्रपति का काफिला कहीं नहीं रुकता, लेकिन इस अवसर पर बच्चों की मासूमियत ने नियमों को पीछे छोड़ दिया।
काफिला रुकते ही सुरक्षाकर्मी सतर्क हो गए। राष्ट्रपति स्वयं वाहन से उतरकर बच्चों और महिलाओं के बीच पहुंचीं और उनसे आत्मीय संवाद किया। इस दृश्य ने मौके पर मौजूद लोगों के साथ-साथ आम जनता का भी दिल जीत लिया। राष्ट्रपति की सरलता, संवेदनशीलता और मानवीय पहलू की हर ओर सराहना हो रही है।

