रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा उप मुख्यमंत्री अरुण साव की तुलना बंदर से किए जाने के बयान पर सियासत गरमा गई है। एक के बाद एक मंत्रियों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। मंत्री टंकराम वर्मा के बाद अब उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी भूपेश बघेल के बयान पर तीखा हमला बोला है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भूपेश बघेल बड़े नेता हैं, लेकिन इस तरह की भाषा किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं हो सकती। शब्दों की एक मर्यादा होती है, जिसे समझना चाहिए। जिस तरह उन्होंने भाषा की सीमा नहीं समझी, उसी तरह उन्होंने भ्रष्टाचार में भी कोई सीमा नहीं समझी।
विजय शर्मा ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल ने ऐसा भ्रष्टाचार किया, जैसा पहले कभी देखने को नहीं मिला। उन्होंने भ्रष्टाचार में भी नवाचार किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर उनके परिवार के किसी सदस्य पर इस तरह की टिप्पणी की जाए तो उन्हें भी अच्छा नहीं लगेगा। हमारी पार्टी में गिरे हुए को उठाने का काम किया जाता है, खुद किसी को गिराने का काम नहीं किया जाता।
नक्सली बारसे देवा और उसके 16 साथियों के तेलंगाना में आत्मसमर्पण की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
वहीं कांग्रेस कार्यकारिणी के अब तक गठन नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि दीपक बैज कांग्रेस के सक्रिय नेता हैं और अच्छा काम कर रहे हैं। संगठन से जुड़ा यह आंतरिक विषय है, लेकिन उनकी कितनी टांग खींची जा रही है, यह भी देखने वाली बात है।
पुलिस कमिश्नरी प्रणाली को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इसे जल्द ही लागू किया जाएगा। तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। अधोसंरचना का पूर्वावलोकन किया जा चुका है और 23 जनवरी से इसकी विधिवत शुरुआत होगी।

