रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं खेल व युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने बेंगलुरू स्थित साई (Sports Authority of India) के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित परफॉर्मेंस असेसमेंट कैंप के लिए चयनित खिलाड़ियों को हॉकी किट प्रदान की। यह वितरण आज नवा रायपुर स्थित उनके शासकीय निवास कार्यालय में किया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री साव ने रायपुर के गोलकीपर अल्फाज खान को गोलकीपिंग का संपूर्ण किट तथा फॉरवर्ड पोजिशन में खेलने वाली मधु सिदार और दामिनी खुसरो को हॉकी स्टिक प्रदान की। तीनों खिलाड़ी बिलासपुर स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में पिछले तीन वर्षों से हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने साई के परफॉर्मेंस असेसमेंट कैंप में चयन पर तीनों खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य शासन और प्रशिक्षकों के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ से लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभरकर सामने आ रहे हैं।
गौरतलब है कि जून 2022 से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित बहतराई के आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में वर्तमान में 67 खिलाड़ी हॉकी का प्रशिक्षण ले रहे हैं। यह केंद्र राज्य में हॉकी प्रतिभाओं को तराशने का महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है।
हॉकी किट वितरण कार्यक्रम के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक श्री ए. एक्का तथा राज्य प्रशिक्षण केंद्र बहतराई के वरिष्ठ हॉकी कोच श्री राकेश टोप्पो भी उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार, रायपुर के अल्फाज खान हाल ही में 12 से 19 दिसंबर तक बेंगलुरू स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित परफॉर्मेंस असेसमेंट कैंप में शामिल हुए थे, जहां भारतीय हॉकी के दिग्गज कोच श्री पी.आर. श्रीजेश ने देशभर से आए खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। वहीं जशपुर की मधु सिदार और कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली दामिनी खुसरो 16 से 23 जनवरी तक आयोजित होने वाले परफॉर्मेंस असेसमेंट कैंप में हिस्सा लेंगी।
इन तीनों खिलाड़ियों का चयन 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। मधु सिदार और दामिनी खुसरो पिछले वर्ष आयोजित वेस्ट जोन हॉकी चैंपियनशिप में विजेता टीम का हिस्सा रहीं, जिसमें मधु सिदार ने सर्वाधिक गोल कर टॉप स्कोरर का खिताब भी हासिल किया था।

