भिलाई। स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU), भिलाई में पढ़ने वाले भावी इंजीनियर अब तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ भगवद् गीता का भी अध्ययन करेंगे। युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से सीएसवीटीयू ने इस्कॉन मंदिर के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत छत्तीसगढ़ के सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों में भगवद् गीता को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाएगा।
यह एमओयू युवा दिवस के अवसर पर भिलाई स्थित कला मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब की उपस्थिति में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अरुण अरोरा और इस्कॉन मंदिर के प्रतिनिधि रघुवर दास ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
इस मौके पर मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के साथ-साथ उन्हें अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ना भी आवश्यक है। भगवद् गीता का अध्ययन छात्रों के चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों और जीवन प्रबंधन में सहायक होगा। उन्होंने बताया कि देश के कई प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों में पहले से ही गीता को पाठ्यक्रम में शामिल किया जा चुका है और अब छत्तीसगढ़ के तकनीकी विश्वविद्यालय एवं उनसे संबद्ध कॉलेजों में भी इसकी पढ़ाई कराई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को बड़ी राहत देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इंटर यूनिवर्सिटी खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की परीक्षाएं प्रतियोगिता के बाद आयोजित की जाएंगी, ताकि किसी भी खिलाड़ी को परीक्षा के कारण खेल से वंचित न होना पड़े।
गौरतलब है कि स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर सीएसवीटीयू की ओर से कला मंदिर में युवा दिवस समारोह का आयोजन किया गया था। इस दौरान विश्वविद्यालय स्तर पर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में विधायक रिकेश सेन, विधायक ललित चंद्राकर, भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

