रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान विभागीय कार्यों, संचालित परियोजनाओं और प्रस्तावित सिंचाई योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार बड़े फैसले ले रही है और किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सिंचाई सुविधाओं का व्यापक विस्तार बेहद आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि लंबे समय से लंबित सिंचाई परियोजनाओं को अटल सिंचाई योजना के अंतर्गत शामिल किया गया है और इन सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आगामी तीन वर्षों में पूर्ण की जाने वाली सिंचाई परियोजनाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में किसानों की भूमिका सबसे अहम है। खेती के रकबे में हो रही वृद्धि और किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मजबूत और टिकाऊ सिंचाई ढांचे का निर्माण अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए बजट की कोई कमी नहीं रखी गई है और इसके लिए अलग से बजटीय प्रावधान किए गए हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से प्रदेश में सिंचित रकबा बढ़ेगा, किसानों की उपज में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

