रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य में अब फिल्म जगत के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ गई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में फिल्म सिटी का निर्माण लंबे समय से एक पुरानी मांग रही है, जो अब पूरी होने जा रही है। इसके साथ ही राज्य के लोगों का एक बड़ा सपना भी साकार हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज फिल्म सिटी और आदिवासी कन्वेंशन सेंटर का विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दो वर्षों में यहां एक आधुनिक और सुव्यवस्थित फिल्म शहर का विकास किया जाएगा, जो छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
सीएम साय ने कहा कि फिल्म सिटी के निर्माण से न केवल छत्तीसगढ़ की लोक कला, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने इसे राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, फिल्म सिटी बनने से छत्तीसगढ़ एक नए फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगा, जिससे बाहरी फिल्म निर्माताओं को भी यहां आकर्षित किया जा सकेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

