रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 8 नए साइबर थानों तथा 255 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुलिस आवासीय भवनों और थाना भवनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और पुलिस विभाग के जवानों को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।
पुलिस विभाग के लिए सौभाग्य का दिन, 255 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग के लिए अत्यंत सौभाग्य का है, क्योंकि एक साथ 255 करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों से पुलिस विभाग के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।
साइबर थाना, एसडीओपी कार्यालय और आवासीय भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस
मुख्यमंत्री ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि साइबर थाना, एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल और आवासीय भवन अत्यंत सुंदर, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन भवनों में कार्य करने से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर वातावरण मिलेगा।
गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए एजेंसियों की सराहना, पुलिस को मिलेगा सकारात्मक कार्य माहौल
मुख्यमंत्री श्री साय ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए संबंधित एजेंसियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से पुलिस बल को सकारात्मक और सुरक्षित वातावरण में कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी, जिससे वे अपने कर्तव्यों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।
बेहतर आवास और कार्य सुविधाएं सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का सतत प्रयास है कि पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर आवासीय एवं कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इससे न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।
साइबर अपराधों से निपटने में मिलेगी मजबूती, सुदूर अंचलों तक पहुंचेगी सुरक्षा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नए साइबर थानों की स्थापना से साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। साथ ही, इस पहल से सुदूर अंचलों तक भी पुलिस की पहुंच और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा। उन्होंने इसे एक अच्छी और सकारात्मक शुरुआत बताया।

