महासमुंद। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही गांजा तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश की सीमाओं से लेकर अंदरूनी इलाकों तक जांच और कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में बताया गया कि 1 जनवरी से 30 जनवरी तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गांजा तस्करी के कुल 24 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान करीब 10.50 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया गया है। इसके साथ ही तस्करी से अर्जित 6 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति और लगभग 5 करोड़ रुपये मूल्य के वाहन, जिनमें ट्रक, कार और बाइक शामिल हैं, सीज किए गए हैं।
यूट्यूबर आकाश जाधव की गिरफ्तारी
इन 24 प्रकरणों में एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें गांजा बेचने वाले, गांजा मंगाने वाले और गांजा परिवहन नेटवर्क के सरगना तक पुलिस पहुंच चुकी है। इस नेटवर्क का मुख्य सरगना आकाश जाधव बताया गया है, जो पेशे से एक यूट्यूबर है। पुलिस के अनुसार आकाश जाधव सांप पकड़ने और रेस्क्यू के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालता था, लेकिन इसके साथ-साथ वह गांजा तस्करी में भी सक्रिय रूप से शामिल था। इस मामले में शेष प्रकरणों की जांच अभी जारी है।
एंबुलेंस से गांजा परिवहन का खुलासा
दरअसल 7 जनवरी 2026 को कोमाखान पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने एंबुलेंस के जरिए 520 किलो गांजा परिवहन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले की गहन जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। इंड टू इंड कार्रवाई करते हुए कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक थोक खरीदार, दो खुदरा विक्रेता, एक परिवहन सरगना, चार परिवहनकर्ता और एक मुख्य थोक विक्रेता शामिल हैं।
इन आरोपियों में से आठ महाराष्ट्र और एक ओडिशा का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार परिवहन नेटवर्क का मुख्य सरगना आकाश जाधव है, जो यूट्यूब पर ‘सर्पमित्र आकाश जाधव’ नाम से चैनल चलाता है। उसके यूट्यूब चैनल पर करीब 56 लाख 80 हजार फॉलोअर्स और इंस्टाग्राम पर लगभग 3 लाख 17 हजार फॉलोअर्स हैं। जांच में सामने आया है कि आकाश जाधव पिछले एक साल में अलग-अलग माध्यमों से कम से कम छह बार गांजा की ट्रांसपोर्टिंग कर चुका है। वह पुणे के एक मामले में पिछले छह महीनों से फरार भी था।
संपत्ति सीज करने की तैयारी
पुलिस ने आकाश जाधव की करीब 1.5 करोड़ रुपये की संपत्ति चिन्हांकित कर ली है और उसे सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांजा तस्करी से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
राजधानी रायपुर में भी सख्ती
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से छत्तीसगढ़ में अवैध गांजा तस्करी के मामले तेजी से बढ़े हैं। इसे देखते हुए पुलिस प्रदेशभर में सघन अभियान चला रही है। राजधानी रायपुर में भी गांजा तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में रायपुर के बड़े गांजा कारोबारियों में शामिल रवि साहू को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसे अदालत ने 10 साल की सजा सुनाई है।

