रायपुर। सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पर सामान्य चर्चा में भाग लेते हुए इसे आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में मजबूत रोडमैप बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण को समर्पित है।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि बीते ग्यारह वर्षों में भारत ने न केवल गति पकड़ी है, बल्कि वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान भी बनाई है। वर्ष 2026 का बजट आत्मविश्वास का प्रतीक है, जो यह संदेश देता है कि अब भारत न रुकेगा, न झुकेगा और न ही थमेगा।
छत्तीसगढ़ के विकास को मिलेगी नई ऊंचाई
बजट प्रावधानों को छत्तीसगढ़ की प्रगति से जोड़ते हुए सांसद अग्रवाल ने कहा कि ‘भारत विस्तार एआई मिशन’ के तहत अब किसानों को छत्तीसगढ़ी भाषा में खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिलेगी। उन्होंने धान के समर्थन मूल्य का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में जहां किसानों को 1310 रुपये प्रति क्विंटल मिलते थे, वहीं आज मोदी सरकार 2369 रुपये दे रही है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में ‘मोदी की गारंटी’ के तहत 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर किसानों को समृद्ध बनाया जा रहा है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक बदलाव
सदन को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल ने विकास के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में जहां प्रतिदिन मात्र 12 किलोमीटर सड़कें बनती थीं, वहीं आज यह आंकड़ा 33 किलोमीटर प्रतिदिन तक पहुंच चुका है।
उन्होंने बताया कि पहले प्रतिवर्ष 6.4 किलोमीटर रेलवे ट्रैक बिछाया जाता था, जबकि अब 100 किलोमीटर प्रतिवर्ष का लक्ष्य हासिल किया जा रहा है।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तहत दानकुनी से सूरत तक बनने वाला कॉरिडोर छत्तीसगढ़ से होकर गुजरेगा, जिससे राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही भुवनेश्वर–विशाखापट्टनम कॉरिडोर का लाभ भी छत्तीसगढ़ को प्राप्त होगा।
औद्योगिक और शैक्षणिक क्रांति की नींव
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि बजट में रेयर अर्थ और सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे छत्तीसगढ़ में पाए गए लिथियम भंडार का तेजी से विकास होगा और भारत बैटरी निर्माण में आत्मनिर्भर बनेगा।
शिक्षा क्षेत्र के लिए 42,100 करोड़ रुपये के प्रावधान तथा 15,000 नए स्कूलों और 5,000 कॉलेजों की स्थापना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ये संस्थान अब केवल शिक्षा के केंद्र नहीं, बल्कि अनुसंधान और नवाचार के हब बनेंगे।
युवाओं और महिलाओं के लिए बड़ी राहत
उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने वाले छात्रों को अब शिक्षा एवं चिकित्सा ऋण पर 5 प्रतिशत के बजाय मात्र 2 प्रतिशत ब्याज देना होगा। इसके अलावा प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल के निर्माण से महिला सशक्तिकरण को नई मजबूती मिलेगी।
मजबूत अर्थव्यवस्था और वित्तीय अनुशासन
बजट के वित्तीय पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए सांसद अग्रवाल ने कहा कि आज देश का कुल बजट 53.47 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। राजकोषीय घाटा, जो पिछली सरकार में 8.9 प्रतिशत था, उसे घटाकर 4.4 प्रतिशत पर लाया गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में घाटे में चल रहे बैंक आज मुनाफे में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।
राहुल गांधी की राजनीति अतीत की पीली डायरी : सांसद बृजमोहन
बजट चर्चा के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनकी राजनीति अतीत की पीली हो चुकी डायरी बन गई है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत का भविष्य लिख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने 60 वर्षों तक शासन किया, लेकिन देश को दिशा नहीं दे सकी। संसाधन होते हुए भी संकल्प की कमी रही। कांग्रेस के शासन की तुलना ऐसे लेखक से की, जिसके पास कागज तो थे, लेकिन कलम में स्याही नहीं थी।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी भावनात्मक भाषण तो देते हैं, लेकिन नीतियों और आत्मचिंतन का अभाव दिखाई देता है। कांग्रेस के लिए सत्ता परिवार की धरोहर रही, जबकि भाजपा के लिए यह जनता की सेवा का माध्यम है।
अपने संबोधन के अंत में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय बजट 2026-27 वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा।

