भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने राजनीति में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। बिहार चुनाव के दौरान उनकी सक्रियता और कुछ कलाकारों के साथ बयानबाजी के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि वह जल्द ही किसी राजनीतिक दल, खासकर बीजेपी, में शामिल हो सकते हैं। हालांकि अब उन्होंने साफ कर दिया है कि उनका राजनीति में जाने का कोई इरादा नहीं है।
हाल ही में रितेश पांडे के जनसुराज छोड़ने और मनोज तिवारी के बयानों के बाद चर्चा तेज हुई थी कि खेसारी भी बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। इन अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए खेसारी ने कहा, “मैं एक कलाकार हूं और मुझे कलाकार ही रहने दीजिए। राजनीति मेरे बस की बात नहीं है, वहां अक्सर झूठ का सहारा लेना पड़ता है, जबकि मैं सच बोलने वाला इंसान हूं।”
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पहले चुनाव लड़ने का अनुभव उनके लिए सीख भरा रहा। अब वह राजनीति से दूरी बनाकर केवल फिल्मों और संगीत पर ध्यान देना चाहते हैं।
पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के तलाक विवाद पर पूछे गए सवाल पर खेसारी ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह निजी पारिवारिक मामला है और किसी बाहरी व्यक्ति को इसमें दखल नहीं देना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि पहले इस विषय पर बोलने पर उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था, इसलिए अब वह ऐसे विवादों से दूर रहना चाहते हैं।

