रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्र संत शिरोमणि संत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती पर आयोजित निर्मल दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गाडगे बाबा ने अपने जीवन और कर्मों से समाज को स्वच्छता, सेवा और सामाजिक जागरूकता का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता ही सच्ची पूजा” का उनका संदेश वर्तमान समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गाडगे बाबा की स्वच्छता प्रेरणा से उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए स्वच्छ भारत अभियान की याद आती है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2014 को लाल किले से इस अभियान की शुरुआत की गई थी और आज यह एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में माताओं-बहनों को सम्मान दिलाने का कार्य किया है। देशभर में शौचालय निर्माण से उनकी गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की गईं, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनधन योजना जैसी पहलें शामिल हैं। अब योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश आर्थिक रूप से सशक्त हो रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग का सम्मान बढ़ाना और सभी समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने शिक्षा को विकास का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कारित और सफल जीवन की आधारशिला है। मुख्यमंत्री ने समाज से सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

