धमतरी। जिले के मगरलोड क्षेत्र के ग्राम भोथीडीह में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चौथीया कार्यक्रम के बीच हुए झगड़े में दुल्हन के भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद, देखते ही देखते बढ़ी हिंसा
जानकारी के अनुसार, गरियाबंद क्षेत्र के मालगांव से आए दुल्हन पक्ष और बैंड बाजा टीम के बीच नाचने को लेकर कहासुनी हुई। बात इतनी बढ़ गई कि विवाद हिंसा में बदल गया।
बैंड पार्टी के युवक ने किया ताबड़तोड़ हमला
इसी दौरान बैंड पार्टी के साथ आए एक युवक ने 23 वर्षीय चंदन निषाद पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से चंदन की मौके पर ही मौत हो गई।
चार अन्य घायल, एक की हालत नाजुक
इस झड़प में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायल तरुण ध्रुव की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, वीडियो वायरल
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

