रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत किए जा रहे राज्य के बजट को प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवीन विधानसभा भवन में पेश होने जा रहा यह सरकार का तीसरा बजट विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के विज़न को नई मजबूती देगा।
समावेशी विकास और सुशासन को आगे बढ़ाने वाला होगा बजट
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का यह बजट समावेशी विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा और आम जनता के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होगा।
विकसित भारत 2047 के संकल्प के अनुरूप काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय संकल्प को केंद्र में रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार निरंतर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों, गरीबों, युवाओं, मातृशक्ति और आदिवासी समाज के सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
सुशासन से समृद्धि मॉडल को मिलेगा मजबूत आधार
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वित्त वर्ष 2026-27 का बजट प्रदेश के सुशासन से समृद्धि मॉडल को मजबूत आधार देगा और विकास की रफ्तार को और तेज करेगा। यह बजट बुनियादी ढांचे के विस्तार, रोजगार सृजन, कृषि उन्नयन, सामाजिक सुरक्षा और मानव संसाधन विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।

