रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सीएनजी युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में पाइपलाइन गैस सुविधा की जानकारी ली।
स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूर्ण कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इन वर्षों में प्रदेश ने विकास के कई आयाम स्थापित किए हैं। सिटी गैस अवसंरचना परियोजना इस विकास यात्रा में एक नई उपलब्धि है। उन्होंने इसे स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना की दिशा में प्रदेश का सशक्त संकल्प बताया।
घर-घर पहुंचेगी पाइपलाइन गैस
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब मेट्रो शहरों की तर्ज पर डीपीएनजी (डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस) के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन से गैस उपलब्ध कराई जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर रिफिल की परेशानी से मुक्ति मिलेगी और सुरक्षा भी बढ़ेगी। सस्ती और सुलभ ऊर्जा से उद्योगों को भी लाभ मिलेगा तथा निवेश की संभावनाएं मजबूत होंगी।
रायपुर सहित तीन जिलों में परियोजना की शुरुआत
परियोजना रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में प्रारंभ की गई है। इसके तहत घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के लिए पीएनजी तथा वाहनों के लिए सीएनजी उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने एचसीजी समूह से अपेक्षा जताई कि वे जल्द ही सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क विकसित करेंगे।
ग्रीन एनर्जी को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य बजट में अधोसंरचना विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वच्छ ईंधन अपनाने और हरित, विकसित एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
कार्यक्रम में एचसीजी समूह के प्रबंध निदेशक राहुल चोपड़ा, निदेशक राजीव माथुर, अध्यक्ष दीपक सावंत, राकेश रंजन, गैल इंडिया के प्रतिनिधि तथा उद्योग जगत के अन्य लोग उपस्थित रहे।


