कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। लक्ष्मण बन तालाब स्थित काली मंदिर के पास निर्माणाधीन मकान की पक्की बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। मलबे में दबने से दो वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
खेलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब दीवार के पास से लोग गुजर रहे थे और कुछ बच्चे वहीं खेल रहे थे। अचानक बाउंड्री वॉल भरभराकर गिर पड़ी और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
मलबे में दबने से स्थानीय निवासी दो वर्षीय धनेश कर्ष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं संजू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) सहित तीन लोग घायल हुए हैं। मोहल्लेवासियों ने तत्काल मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में एक ऑटो और एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गए।
आक्रोशित लोगों ने किया थाने का घेराव
घटना के बाद बस्तीवासियों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद संबंधित वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियातन मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


