रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित श्री बालाजी हॉस्पिटल परिसर में 200 बिस्तरीय अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बालाजी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की। साथ ही अस्पताल की नवनिर्मित इकाइयों का उद्घाटन कर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार राज्य की प्रगति और मजबूत आधारभूत ढांचे का प्रमाण है। राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश रजत जयंती वर्ष मना रहा है। उन्होंने बताया कि गठन के समय जहां केवल एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं अब 14 से 15 मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में 5 से 6 नए अत्याधुनिक अस्पतालों का शुभारंभ किया गया है, जिससे आमजन को बेहतर और सुलभ उपचार मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कैंसर अस्पताल में मरीजों को आयुष्मान योजना का लाभ मिलेगा, जिससे उनके उपचार का आर्थिक बोझ कम होगा।
कार्यक्रम में अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. तेजस नायक, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नीता नायक, आर. के. नायक, श्रीमती सत्यवती नायक सहित अस्पताल प्रबंधन, अधिकारी-कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहे।

