भिलाई। शहर के गणेश नगर वार्ड-5 में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 10 साल की एक बच्ची ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
चौथी कक्षा की छात्रा थी बच्ची
मृतका की पहचान गुरप्रीत कौर उर्फ खुशी के रूप में हुई है, जो स्वामी आत्मानंद स्कूल जामुल में कक्षा चौथी की छात्रा थी।
घर में नहीं थे परिजन
घटना के समय घर में कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था। पिता ड्राइवर हैं और मां ब्यूटी पार्लर में काम करती हैं, दोनों ही उस वक्त घर से बाहर थे।
छोटे भाई से विवाद के बाद उठाया कदम
जानकारी के अनुसार, बच्ची का किसी बात को लेकर अपने छोटे भाई से विवाद हो गया था। इसके बाद वह नाराज होकर कमरे में चली गई और दरवाजा बंद कर लिया।
टेबल के सहारे लगाई फांसी
कुछ ही देर में बच्ची ने टेबल के सहारे चुनरी से फांसी लगा ली।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बच्ची को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलने पर जामुल थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।

