जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दुलदुला थाना क्षेत्र के झगरीबहार स्थित एक ईंट भट्ठे में काम कर रहे मजदूरों पर बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला समेत दो अन्य लोग घायल हो गए।
घर पर गिरी बिजली, मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम सोनउ राम अपने परिवार के साथ घर में बैठे हुए थे। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उनके घर पर आ गिरी। हादसा इतना भयानक था कि 51 वर्षीय सोनउ राम की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार के दो सदस्य घायल
घटना के दौरान परिवार के दो अन्य सदस्य भी बिजली की चपेट में आ गए, जिन्हें चोटें आई हैं। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
चार दिन पहले ही मजदूरी के लिए आया था
पुलिस के अनुसार, मृतक सोनउ राम सक्ती जिले के मालखरौदा क्षेत्र का निवासी था और महज चार दिन पहले ही अपने परिवार के साथ जशपुर मजदूरी के लिए आया था।
पुलिस जांच में जुटी
दुलदुला थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मौसम विभाग का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश में मौसम के अचानक बदलने को लेकर अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
तापमान में बढ़ोतरी की संभावना
अगले 48 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी बनी हुई है।

