रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए अप्रैल महीने में तीन माह का चावल एक साथ देने की घोषणा की है। नई व्यवस्था के तहत हितग्राहियों को अप्रैल, मई और जून का राशन एक ही बार में वितरित किया जाएगा।
तकनीकी समस्याओं के कारण लिया गया फैसला
खाद्य विभाग के अनुसार, पिछले कुछ समय से तकनीकी खामियों, सर्वर समस्याओं और गोदामों में स्टॉक की कमी के कारण राशन वितरण प्रभावित हो रहा था। फरवरी और मार्च में सुधार के प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिले।
दुकानों को स्टॉक रखने के निर्देश
सरकार ने सभी उचित मूल्य दुकानों को निर्देश दिए हैं कि वे मार्च के अंत तक पर्याप्त मात्रा में चावल का भंडारण सुनिश्चित करें, ताकि अप्रैल में वितरण के दौरान कोई समस्या न हो।
बायोमेट्रिक से ही मिलेगा राशन
नई व्यवस्था के तहत हितग्राहियों को पहले की तरह ई-पास मशीन में बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा। इसके बाद उन्हें एक साथ तीन महीने का चावल दिया जाएगा।
जानकारी का व्यापक प्रचार अनिवार्य
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि दुकानों पर इस व्यवस्था की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए और गांव-शहर में इसका व्यापक प्रचार किया जाए।
‘चावल उत्सव’ से होगी निगरानी
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने अप्रैल में “चावल उत्सव” आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर वितरण प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

