रायपुर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दंतेवाड़ा-बचेली मार्ग पर एक तेज रफ्तार आर्टिका कार अनियंत्रित होकर 4-5 बार पलट गई और सड़क किनारे खेत में जा गिरी।
हादसे में मासूम बच्ची कार से बाहर गिरी
हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार 6 महीने की मासूम बच्ची उछलकर बाहर जा गिरी और पास के पेड़ में जा अटकी। बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई है, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
परिवार कार्यक्रम में जा रहा था, रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग रायपुर के भाठागांव क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने किरंदुल जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
एक महिला की हालत गंभीर, रायपुर रेफर
हादसे में कुल 8 लोग घायल हुए हैं। इनमें एक महिला की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
मजदूरों ने बचाई जान, तुरंत पहुंची मदद
हादसे के तुरंत बाद पास के क्रशर प्लांट के कर्मचारी और मजदूर मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकालकर मदद की।
पुलिस जांच में जुटी, तेज रफ्तार बनी कारण
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अपोलो अस्पताल, बचेली में भर्ती कराया गया। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह बताई जा रही है।


