CG Traffic Rules: रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए परिवहन विभाग ने सख्त कदम उठाया है। अब तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों को सीधे घर बैठे ई-चालान मिलेगा। इसके लिए राज्य में पहली बार लेडार आधारित आधुनिक स्पीड कैमरे लगाए गए हैं।
पायलट प्रोजेक्ट के तहत करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत से 7 हाईटेक स्पीड कैमरे स्थापित किए गए हैं। ये कैमरे रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर और धमतरी के प्रमुख मार्गों पर लगाए गए हैं। रायपुर में मरीन ड्राइव, वीआईपी रोड और मंदिर हसौद इलाके शामिल हैं।
ये वाई-फाई युक्त कैमरे 100 मीटर की दूरी से वाहनों की गति माप सकते हैं और एक साथ कई वाहनों की निगरानी करने में सक्षम हैं। तय सीमा से अधिक गति होने पर कैमरा नंबर प्लेट स्कैन कर फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करेगा। इसके बाद ई-चालान जनरेट होकर वाहन मालिक को व्हाट्सएप और ईमेल के जरिए भेज दिया जाएगा।
कैमरों में नाइट विजन सुविधा भी दी गई है, जिससे रात और खराब मौसम में भी निगरानी संभव होगी। फिलहाल इनकी टेस्टिंग जारी है और जल्द ही इन्हें पूरी तरह लागू किया जाएगा।
अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने बताया कि पहले चरण में लोगों को जागरूक किया जाएगा, इसके बाद सख्ती से नियम लागू किए जाएंगे। भविष्य में इस व्यवस्था का विस्तार अन्य जिलों में भी किया जाएगा।

