भिलाई। दुर्ग जिले में पुलिस विभाग से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर युवक से पैसे लेते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में एक कॉन्स्टेबल हत्या के प्रयास के आरोपी बताए जा रहे युवक से गले मिलते दिखाई दे रहा है। दोनों वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
चालान से बचाने के बदले पैसे लेने का आरोप
जानकारी के अनुसार पहला वीडियो दुर्ग ट्रैफिक पुलिस का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर महेश्वर देवांगन एक युवक से 200 रुपये लेते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एसआई युवक को पैसे गिनने के लिए कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं।
मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक एसआई महेश्वर देवांगन को लाइन अटैच कर दिया है।
इस मामले में ट्रैफिक टीआई टीडी चंद्रा ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
हत्या के प्रयास के आरोपी से गले मिलता दिखा कॉन्स्टेबल
वहीं दूसरा वीडियो पावर हाउस रेलवे स्टेशन के सामने का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में छावनी थाना में पदस्थ कॉन्स्टेबल प्रमोद साहू एक युवक से हाथ मिलाते और गले मिलते नजर आ रहे हैं।
युवक की पहचान बाबू खान के रूप में बताई जा रही है, जिसके खिलाफ जामुल थाना में हत्या के प्रयास की धारा 307 के तहत मामला दर्ज है। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल जमानत पर बाहर है और पहले भी जेल जा चुका है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रमोद साहू का हाल ही में बालोद से दुर्ग छावनी थाना में तबादला हुआ था।

