कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रिश्वतखोरी के खिलाफ सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। एसईसीएल कुसमुंडा के सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ एक क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर खदान कर्मी से पीएफ राशि निकालने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
पीएफ निकालने के लिए मांग रहा था रिश्वत
जानकारी के मुताबिक एक खदान कर्मी अपने पीएफ की राशि निकालने के लिए लगातार सीएमपीएफ विभाग के चक्कर काट रहा था। इसी दौरान विभाग में पदस्थ क्लर्क मनोहर लाल कौशिक ने फाइल आगे बढ़ाने और भुगतान कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर दी।
कई दिनों तक परेशान होने के बाद पीड़ित कर्मी ने मामले की शिकायत सीबीआई से कर दी।
CBI ने बिछाया ट्रैप
शिकायत की पुष्टि होने के बाद सीबीआई ने पूरी योजना बनाकर कार्रवाई की। रविवार को भिलाई से पहुंची सीबीआई टीम ने कुसमुंडा कार्यालय में ट्रैप बिछाया और रिश्वत लेते हुए क्लर्क मनोहर लाल कौशिक को रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद विभाग में मचा हड़कंप
सीबीआई की अचानक कार्रवाई से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी क्लर्क की गिरफ्तारी के बाद कर्मचारियों के बीच भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। फिलहाल सीबीआई मामले में आगे की जांच कर रही है।

