रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नक्सल उन्मूलन को लेकर कांग्रेस के दावों और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। रायपुर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलने में माहिर है और यदि पिछली सरकार ने वास्तव में प्रभावी काम किया होता, तो छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद बहुत पहले कमजोर पड़ गया होता।
“कांग्रेस सरकार ने नहीं दिया अपेक्षित सहयोग” : CM साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्र सरकार की स्पष्ट मंशा थी कि देश के अन्य राज्यों की तरह छत्तीसगढ़ में भी नक्सल प्रभाव तेजी से कम हो, लेकिन पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। इसके कारण लंबे समय तक प्रदेश का बड़ा हिस्सा नक्सली हिंसा की चपेट में रहा।
“बस्तर में बदलाव समन्वय और विकास का परिणाम”
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज बस्तर में जो सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है, वह केवल सुरक्षा अभियानों का परिणाम नहीं है, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय, सुरक्षा बलों के साहस, तेज विकास कार्यों और स्थानीय जनता के विश्वास का नतीजा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बस्तर को हिंसा और भय की पहचान से बाहर निकालकर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
अमित शाह के बयान के बाद तेज हुई सियासत
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने हाल ही में बस्तर प्रवास के दौरान कहा था कि कई भाजपा शासित राज्यों ने नक्सलमुक्त अभियान में केंद्र का सहयोग किया, लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने अपेक्षित समर्थन नहीं दिया।
उन्होंने यह भी कहा था कि 13 दिसंबर 2023 को भाजपा सरकार बनने के बाद बस्तर में बचे हुए नक्सलवाद को खत्म करने के लिए फिर से गंभीर और समन्वित प्रयास शुरू किए गए।
“राजनीति नहीं, आत्ममंथन की जरूरत”
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रतिक्रिया के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार करते हुए कहा कि नक्सलवाद जैसे गंभीर और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर राजनीति और भ्रम फैलाने के बजाय आत्ममंथन की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि आज बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का जो माहौल बन रहा है, वह केंद्र सरकार की स्पष्ट नीति, राज्य सरकार की प्रतिबद्धता, सुरक्षा बलों के पराक्रम और जनता के विश्वास की जीत है।
“बस्तर का भविष्य हमारी प्राथमिकता”
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी सरकार के लिए बस्तर का भविष्य, यहां के युवाओं का विश्वास और क्षेत्र का स्थायी विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है।

