रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर में हलचल मचा दी है। कमल विहार इलाके में स्थित एक होटल को लेकर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर कुछ कथित चैट और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसके बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चलने की शिकायत मिल रही थी। अब वायरल चैट सामने आने के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है। वायरल चैट में कथित तौर पर लड़कियों की तस्वीरें भेजकर रेट और टाइम को लेकर बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि वायरल चैट और तस्वीरों की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
सूत्रों के मुताबिक वायरल चैट में “नई लड़की है क्या”, “1 घंटे का कितना”, और “फोटो भेजो” जैसी बातें लिखी हुई दिखाई दे रही हैं। चैट सामने आने के बाद इलाके में लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल में कई दिनों से संदिग्ध लोगों की आवाजाही देखी जा रही थी। आसपास रहने वाले लोगों ने मामले को लेकर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते जांच होती तो मामला पहले ही सामने आ सकता था।
फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल चैट और शिकायत की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। यदि जांच में किसी तरह की अवैध गतिविधि सामने आती है, तो संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

