खैरागढ़/राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। शहर की सनसिटी कॉलोनी में खेल रहे एक 5 वर्षीय मासूम पर चार आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। पूरी घटना कॉलोनी में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार बच्चा कॉलोनी में खेल रहा था, तभी अचानक चार कुत्ते उसकी ओर दौड़ पड़े। जान बचाने के लिए मासूम भागने लगा, लेकिन कुत्तों ने उसे घेरकर जमीन पर गिरा दिया और नोचना शुरू कर दिया।
हमले में बच्चे के पैर, जांघ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक यदि मौके पर मौजूद एक युवक साहस नहीं दिखाता, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। युवक ने बीच-बचाव कर कुत्तों को भगाया और बच्चे की जान बचाई।
घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है। अभिभावकों में डर का माहौल है और लोग बच्चों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं।
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
रहवासियों का कहना है कि शहर के कई क्षेत्रों में कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते हैं, जिससे डॉग बाइट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
घटना के बाद लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

