जशपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसानों की समृद्धि ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला है। आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा मजबूत बाजार व्यवस्था के माध्यम से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुनकुरी में आयोजित जैविक किसान मेला एवं खेत बचाओ अभियान के तहत प्राकृतिक एवं जैविक खेती कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों से प्राकृतिक और जैविक खेती को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरता और मानव स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि परंपरागत कृषि ज्ञान और आधुनिक तकनीक के समन्वय से खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।
उन्होंने नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि इससे उत्पादन लागत कम होती है और मिट्टी की गुणवत्ता भी सुरक्षित रहती है।
किसानों को दिखाई गई आधुनिक तकनीक
कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि, ड्रोन तकनीक, आधुनिक कृषि यंत्र, पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़ी नई जानकारियां दी गईं। ड्रोन के माध्यम से खेतों में दवा छिड़काव का लाइव प्रदर्शन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न कृषि स्टॉलों और प्रदर्शनी का अवलोकन कर किसानों और विशेषज्ञों से चर्चा भी की।
उत्कृष्ट किसानों का सम्मान
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। महेश सिंह को जैविक खेती, सुखराम को 33 किलो के कटहल उत्पादन और विजय भूषण को ढाई किलो वजन के आम उत्पादन के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना के तहत कृषक गुप्तेश्वर को भूमि पट्टा भी प्रदान किया।
किसानों को मिलेगा बेहतर बाजार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में जिला प्रशासन जशपुर और सेमिना एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के बीच औषधीय और सुगंधित फसलों के विपणन के लिए महत्वपूर्ण समझौता हुआ। इससे किसानों को बेहतर बाजार और उत्पादों का उचित मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी।
किसानों के लिए सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है। साथ ही 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की व्यवस्था लागू है। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बगिया दाबयुक्त सिंचाई योजना से जशपुर जिले के 14 गांवों में लगभग 5 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे कृषि उत्पादन को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की खुशहाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार नई योजनाएं लागू की जा रही हैं।

